देवरिया में आंबेडकर प्रतिमा हटाने को लेकर विवाद, DM-SP ने दी अहम जानकारी
<p style=”text-align: justify;”>उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के एक गांव में बृहस्पतिवार को कथित रूप से बिना प्रशासनिक अनुमति के स्थापित डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा हटाने को लेकर दो पक्षों के बीच पथराव हो गया. घटना के बाद इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है.
<p style=”text-align: justify;”>पुलिस सूत्रों के अनुसार, घटना गौरीबाजार थाना क्षेत्र के लबकनी गांव में हुई. उन्होंने बताया कि कुछ लोगों ने मंगलवार रात एक आंगनवाड़ी केंद्र के पास स्थित ‘नवीन परती’ भूमि पर डॉ. आंबेडकर की प्रतिमा स्थापित कर दी थी.
<p style=”text-align: justify;”>सूत्रों ने बताया कि बुधवार सुबह प्रशासन को इसकी जानकारी मिलने के बाद जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी के निर्देश पर रुद्रपुर के उप जिलाधिकारी राज कुमार गुप्ता के नेतृत्व में राजस्व और पुलिस अधिकारियों की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया.
<p style=”text-align: justify;”>अधिकारियों के मुताबिक, कई महिलाएं बुधवार देर रात तक घटनास्थल पर मौजूद रहीं. उन्हें आशंका थी कि प्रशासन प्रतिमा हटा सकता है.
<h3 style=”text-align: justify;”>कैसे बढ़ा विवाद?
<p style=”text-align: justify;”>पुलिस सूत्रों ने बताया कि बृहस्पतिवार को उस समय विवाद बढ़ गया, जब प्रतिमा हटाने की योजना को लेकर दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए. कहासुनी के बाद मामला बढ़ गया और दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर पथराव किया, जिससे क्षेत्र में तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई.
<p style=”text-align: justify;”>इस घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया. किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है.
<p style=”text-align: justify;”>गौरीबाजार के थाना प्रभारी मृत्युंजय राय ने बताया कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है. उन्होंने कहा, ‘इस मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है.'
<h3 style=”text-align: justify;”>डीएम और एसपी ने क्या कहा?
<p style=”text-align: justify;”>जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी और पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर ने इस संदर्भ में साझा प्रेस वार्ता के दौरान कहा कि थाना गौरीबाजार अंतर्गत ग्राम लवकनी में कुछ लोगों द्वारा अवैध तरीके से बिना अनुमति सरकारी खलिहान की भूमि पर अंबेडकर जी की मूर्ति रखवाने का मामला सामने आया. इस सूचना पर प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा मौके पर पहुंचकर आवश्यक विधिक कार्यवाही किया जा रहा था और जिन लोगों द्वारा मूर्ति रखवाया गया उनसे संवाद किया जा रहा था. जिनके द्वारा मूर्ति रखवायी गयी थी उनके द्वारा सम्मानित तरीके से अंबेडकर जी की मूर्ति वहां से हटाने को तैयार हो गये.
<p style=”text-align: justify;”>उन्होंने कहा कि मूर्ति हटाते वक्त वहीं पर मौजूद कुछ अराजक तत्वों द्वारा उनके ऊपर हमला किया गया. ईंट और पत्थर से किये गये इस हमले में मौके पर मौजूद प्रशासन व पुलिस के कर्मचारीगण को चोट आयी है. सभी के सुरक्षार्थ पुलिस द्वारा आवश्यक विधिक कार्रवाई की गयी है. सम्मानित तरीके से अंबेडकर जी की मूर्ति उक्त स्थान से हटाया गया है. जिन लोगों द्वारा पत्थरबाजी किया गया है, उनके विरूद्ध सख्त एक्शन लिया जायेगा. साथ-साथ जो भी विभागीय कमी हुई है, उसकी जांच करके जो दोषी कर्मचारी हैं, उनके विरूद्ध कार्यवाही की जायेगी। मौके पर शांति-व्यवस्था कायम है, अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है.