बारिश में फिर धंसा 12 हजार करोड़ का दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे, बीच सड़क पर हुआ बड़ा गड्ढा, लोगों ने लगाया पेड़
Delhi Dehradun Expressway: सहारनपुर के छुटमलपुर क्षेत्र में दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर खड़े होकर जब आप नीचे देखेंगे, तो 12 हजार करोड़ रुपये की लागत से बने इस ‘ड्रीम प्रोजेक्ट’ के दावों की असलियत साफ नजर आएगी. उद्घाटन के महज चार महीने के भीतर ही 20 अगस्त की शाम हुई तेज बारिश ने एक्सप्रेसवे के निर्माण कार्य की गुणवत्ता की कलई खोलकर रख दी है. तेज रफ्तार दौड़ने वाले इस हाई-स्पीड कॉरिडोर के बीचों-बीच अचानक एक गहरा गड्ढा (सिंकहोल) बन गया, जिसने सफर करने वाले सैकड़ों मुसाफिरों की जान जोखिम में डाल दी. गनीमत रही कि स्थानीय राहगीरों की सूझबूझ से बड़ा हादसा टल गया, जिन्होंने विरोध जताते हुए गड्ढे के अंदर पूरा पेड़ ही खड़ा कर दिया.