'मतभेद और गुटबाजी से नेताओं को दूर…', मिशन-27 को लेकर नितिन नवीन और बीएल संतोष का खास मैसेज

भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) अध्यक्ष नितिन नवीन और बीजेपी के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष उत्तर प्रदेश के चुनावी दौरे पर हैं. बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन और बीएल संतोष ने एक के बाद एक कई महत्वपूर्ण बैठक की. यूपी बीजेपी की नई टीम के पदाधिकारियों के साथ दोनों नेताओं ने संवाद किया. इसके अलावा लखनऊ के होटल ताज में यूपी से बीजेपी सांसदों और विधायकों के साथ भी महत्वपूर्ण बैठक की.

सूत्रों ने बताया कि दोनों ही बैठकों में सबसे बड़ा मुद्दा यही रहा है कि मतभेद और गुटबाजी से नेताओं को दूर रहना है. इन बैठकों में पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को यह कहा गया कि अभी से पूरी तरह से चुनावी तैयारियों में जुट जाना है. इसके अलावा यह भी कहा गया कि पार्टी जो भी निर्णय ले, सभी को उसके साथ ही आगे बढ़ना होगा.

जनप्रतिनिधि ज़्यादा से ज़्यादा अपने अपने क्षेत्र में प्रवास करें

वहीं दोनों ही बैठकों में इस बात पर भी जोर दिया गया कि पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि ज़्यादा से ज़्यादा अपने अपने क्षेत्र में प्रवास करें. जनता के बीच अधिक से अधिक समय बिताएँ. अपने प्रवास की पूरी रिपोर्ट बनाकर यूपी बीजेपी के संगठन महामंत्री धर्मपाल को सौंपे.

लखनऊ में बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन ने दे दिया जीत का मंत्र, सांसद-विधायकों को सीधा संदेश

सोशल मीडिया के इस्तेमाल पर भी फोकस

यही नहीं पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि की अलग अलग बैठक में सोशल मीडिया के इस्तेमाल पर भी फोकस किया गया है. यह बैठक में यह कहा गया है कि सोशल मीडिया का सही प्रयोग किया जाए, सरकार और पार्टी की नीतियों को जनता तक पहुँचाने का यह भी एक सशक्त माध्यम है.

चुनाव जीतने पर ध्यान लगाना है, मतभेदों पर नहीं

इन बैठकों की खास बात यह रही है कि एक साथ यूपी बीजेपी के सांसदों और विधायकों को बिठाया गया है. आम तौर पर देखा जाता है कि सांसद और विधायकों में कुछ स्थानीय समीकरण पर तनातनी हो जाती है. शायद यही वजह है कि चुनाव से पहले सांसद और विधायकों को पूरी तरह से यह नसीहत दी गई है कि चुनाव जीतने पर ध्यान लगाना है, मतभेदों पर नहीं.

बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन और बीएल संतोष ने यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भी मुलाकात की. यह मुलाकात लखनऊ में ही योगी आदित्यनाथ के सरकारी आवास 5 कालिदास मार्ग हुई है. योगी आदित्यनाथ के साथ भी चुनाव की समीक्षा की गई. 2027 विधानसभा चुनाव की रणनीति पर मंथन किया गया. योगी आदित्यनाथ के यहां डिनर कार्यक्रम में बीजेपी के वरिष्ठ नेताओं को भी आमंत्रित किया गया था.

नितिन नवीन ने यूपी बीजेपी के पूर्व अध्यक्षों से भी होटल ताज में अलग से मुलाकात की. यह मुलाकात इसलिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है क्योंकि पूर्व अध्यक्षों से नितिन नवीन ने ज़मीनी फीडबैक लिया है. यूपी के जातीय और क्षेत्रीय समीकरण को भी विस्तार से समझा है.

दोनों उप मुख्यमंत्रियों से भी हुई अलग-अलग चर्चा

बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन यूपी के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और बृजेश पाठक के घर भी गए. जहां दोनों ही नेताओं से अलग अलग चाय पर चर्चा की. इस दौरान बीजेपी के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष भी मौजूद रहे. यूपी के सियासी जानकारों का यह मानना है कि यह दौरा चुनाव से पहले यूपी के अंदर बीजेपी को एकजुट करना है.

जाहिर है केशव प्रसाद मौर्य और बृजेश पाठक दोनों ही डिप्टी सीएम और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सियासी रिश्तों में तल्खी समय समय पर देखने को मिल जाती है. शायद इसी वजह से बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन और बीएल संतोष तीनों ही नेताओं के घर अलग अलग पहुंचे. यही नहीं बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन से यूपी बीजेपी अध्यक्ष पंकज चौधरी से भी अलग से मुलाकात की और नई टीम और चुनावी तैयारियों पर फीडबैक लिया.

बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन पासी समाज के एक कार्यकर्ता के घर भी गए. दरअसल अवध में पासी समाज का एक बड़ा वोट बैंक है. साल 2024 के चुनाव में यह समाज लगभग लगभग पूरी तरह से समाजवादी पार्टी की तरफ शिफ्ट हो चुका था. शायद यही वजह है कि नितिन नवीन अब इस वोट बैंक को बीजेपी के पाले में लाने के लिए सियासी संदेश दे रहे हैं.

बीजेपी ने उत्तर प्रदेश में चुनावी आग़ाज़ कर दिया है. बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन के यूपी दौरे से चुनाव अभियान का श्री गणेश भी बीजेपी कर चुकी है. अब जल्द ही बीजेपी के शीर्ष नेताओं के उत्तर प्रदेश के दौरे की रूपरेखा तैयार होगी.

मुरादाबाद में सपा के पूर्व MLA पर FIR, करोड़ों की जमीन के गबन का आरोप