बरेली का बांस, बेत और केन फर्नीचर का देश भर में डिमांड, मजबूती के साथ पर्यावरण के अनुकूल, कारीगरों के हुनर को खास पहचान
बरेली के पुराने बस स्टैंड यानी रोडवेज के पास कुमार टॉकीज वाली रोड पर मौजूद फर्नीचर बाजार में बांस और केन से बने सामानों की बड़ी रेंज देखने को मिलती है. यहां सोफा सेट, डाइनिंग टेबल, झूले, गार्डन चेयर, बेबी चेयर, दीवान, स्टूल, बुक रैक, शू रैक, बच्चों के पालने, फ्रूट बास्केट, गिफ्ट हैंपर बास्केट और रॉकिंग चेयर समेत कई तरह के उत्पाद तैयार और उपलब्ध हैं.कारोबारियों के मुताबिक यहां से तैयार माल उत्तर प्रदेश के साथ पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और देश के दूसरे हिस्सों में भी भेजा जाता है. यही वजह है कि बरेली की बेत और केन फर्नीचर की कारीगरी धीरे-धीरे बड़े बाजार का हिस्सा बन रही है.