मऊ ग्राउंड रिपोर्ट: जसड़ा में 10 साल से अधूरा नाला बना ग्रामीणों के लिए नासूर, गंदे पानी से होकर स्कूल जाने को मजबूर बच्चे, 5 गांव बेहाल
उत्तर प्रदेश के मऊ जिले का जसड़ा गांव पिछले 10 वर्षों से प्रशासनिक उपेक्षा और अधूरे विकास का दंश झेल रहा है. गांव को अन्य चार-पांच गांवों से जोड़ने वाली मुख्य सड़क पर अधूरा पड़ा नाला ग्रामीणों के लिए जी का जंजाल बन चुका है. आलम यह है कि पूजा-पाठ और त्योहारों के दौरान भी लोगों को इसी बदबूदार, गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ता है, जबकि मासूम स्कूली बच्चे रोज गिरकर चोटिल हो रहे हैं. बार-बार शिकायतों के बावजूद ग्राम प्रधान और जिम्मेदार महकमा आंखें मूंदे बैठा है.