फिरोजाबाद में ट्रेन से भाग रहे 2 इनामी बदमाश एनकाउंटर में ढेर, 300 पुलिसकर्मियों ने चलाया ऑपरेशन

उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले में शुक्रवार (17 जुलाई) को पुलिस और बदमाशों के बीच एक भीषण मुठभेड़ हो गई. शिकोहाबाद क्षेत्र में हुई इस मुठभेड़ में पुलिस ने दो शातिर बदमाशों को मार गिराया है. मारे गए बदमाशों की पहचान अंकित और सुमित के रूप में हुई है, जिन पर करीब एक दर्जन से अधिक आपराधिक मामले दर्ज थे. इस दुस्साहसिक मुठभेड़ के दौरान बदमाशों की गोलीबारी में इटावा एसओजी (SOG) के दो सिपाही भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं.

संबलपुर एक्सप्रेस में सवार थे बदमाश, स्टेशन पर हुई घेराबंदी

जानकारी के मुताबिक, मारे गए दोनों बदमाश इटावा में एक डॉक्टर के साथ हुई लूट की वारदात के मुख्य आरोपी थे. इटावा एसओजी को सटीक इनपुट मिला था कि दोनों आरोपी गाजियाबाद से झारखंड जा रही संबलपुर एक्सप्रेस (Sambalpur Express) में सवार हैं. सूचना के आधार पर इटावा SOG ने शुक्रवार सुबह करीब 11:45 बजे फिरोजाबाद के शिकोहाबाद रेलवे स्टेशन पर ट्रेन की घेराबंदी कर दी.

पुलिस को देखते ही बदमाशों ने खुद को घिरा पाकर ट्रेन से उतरकर एसओजी टीम पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी. इस अचानक हुए हमले में इटावा एसओजी के दो सिपाही डेविड चौहान और पुष्पेंद्र गोली लगने से घायल हो गए. एक सिपाही के पेट में और दूसरे के कंधे में गोली लगी है. दोनों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है.

’हमें जिन्ना नहीं गन्ना पसंद है…’, पश्चिमी यूपी में समाजवादी पार्टी पर जमकर बरसे CM योगी

खेतों में छिपे बदमाश, 300 पुलिसकर्मियों ने चलाया सर्च ऑपरेशन

शुरुआती गोलीबारी के बाद दोनों बदमाश स्टेशन से भाग निकले. पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए करीब 1 किलोमीटर तक उनका पीछा किया. इसके बाद दोनों बदमाश थाना शिकोहाबाद क्षेत्र के नीम खेरिया (नगला) गांव के पास के खेतों में जाकर छिप गए.

घटना की गंभीरता को देखते हुए आगरा और कानपुर दोनों जोन की पुलिस अलर्ट हो गई. फिरोजाबाद, मैनपुरी और इटावा जनपद की पुलिस बल को तुरंत मौके पर बुलाया गया. करीब 300 पुलिसकर्मियों ने पूरे इलाके को चारों तरफ से घेरकर नीम खेरिया गांव के खेतों में बड़ा सर्च और कॉम्बिंग ऑपरेशन शुरू किया.

जवाबी कार्रवाई में दोनों आरोपी ढेर, मौके पर पहुंचे आला अधिकारी

खेतों में सर्च ऑपरेशन के दौरान बदमाशों ने एक बार फिर पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी. पुलिस द्वारा आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी कार्रवाई में दोनों इनामी बदमाशों को गोली लग गई और वे मौके पर ही ढेर हो गए. मुठभेड़ की सूचना मिलते ही आगरा जोन के एडीजी एसके भगत, फिरोजाबाद के एसएसपी आदित्य लांगहे, इटावा के एसएसपी ब्रजेश श्रीवास्तव और एएसपी अभय नाथ त्रिपाठी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए.

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मारे गए बदमाशों का लंबा आपराधिक इतिहास था. फिलहाल पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है और इलाके में एहतियातन सुरक्षा बल तैनात है.

संभल में अवैध इमामबाड़ा और मजार पर चला बुलडोजर, सुरक्षा को लेकर भारी पुलिस फोर्स मौजूद