न भूले थे, न भूलेंगे…मुजफ्फरनगर दंगे की बरसी पर सहारनपुर में लगे अखिलेश यादव के पोस्टर से मचा बवाल
Saharanpur Poster Controversy: मुजफ्फरनगर दंगों की बरसी के बीच सहारनपुर में अखिलेश यादव की तस्वीर वाले पोस्टर लगाए जाने से राजनीतिक चर्चा तेज हो गई है. पोस्टरों में 2013 के मुजफ्फरनगर दंगों से जुड़ी तस्वीरों के साथ अखिलेश यादव की फोटो लगाई गई थी और उस पर “न भूले थे, न भूले हैं, न भूलेंगे…” जैसे संदेश लिखे थे. खास बात यह है कि ये पोस्टर सहारनपुर कलेक्ट्रेट परिसर की करीब एक सदी पुरानी बताई जा रही मस्जिद के ध्वस्तीकरण के दो दिन बाद सामने आए. मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने पोस्टर हटवा दिए. हालांकि, इन्हें किसने लगाया था और इसके पीछे क्या उद्देश्य था, इसकी आधिकारिक जानकारी अभी सामने नहीं आई है.