कन्नौज: नवोदय विद्यालय में हंगामा, 100 छात्रों ने खुद को कमरों में किया बंद, फिर डीएम ने ऐसे कराया शांत
उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले में स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय (JNV) के करीब 100 छात्रों ने घटिया भोजन और शिक्षकों के अभद्र रवैये से परेशान होकर खुद को हॉस्टल के कमरों में बंद कर लिया. छात्रों ने स्कूल प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और प्रिंसिपल व वार्डन को हटाने की मांग पर अड़ गए. करीब 6 घंटे तक चले इस हंगामे के बाद जिलाधिकारी (DM) आशुतोष मोहन अग्निहोत्री और एएसपी (ASP) अजय कुमार मौके पर पहुंचे. डीएम द्वारा अकेले में छात्रों की पीड़ा सुनने और समस्याओं के त्वरित समाधान व भोजन की रैंडम चेकिंग के आश्वासन के बाद छात्र शांत हुए और कमरों से बाहर निकले.