Sugarcane Farming : गन्ने में दिखे ऐंठन या आ रही हो सिरके जैसी गंध, फसल बचाने का यही आखिरी रास्ता
Sugarcane Crop Care : बारिश के दौरान गन्ने की फसल में पोक्का बोइंग रोग का प्रकोप तेजी से बढ़ता है. फफूंद जनित यह रोग समय पर नियंत्रित न किया जाए, तो पूरी फसल तबाह हो सकती है. शाहजहांपुर के कृषि वैज्ञानिक डॉ. हादी हुसैन खान लोकल 18 से बताते हैं कि पोक्का बोइंग एक फफूंद जनित बीमारी है, जो गन्ने की पत्तियों को प्रभावित करती है. अगर बीमारी शुरुआती चरण में हो तो प्रभावित हिस्से को काटकर पॉलिथीन में भरें और खेत से दूर 2-3 फीट गहरे गड्ढे में दबा दें. रासायनिक उपचार के लिए कॉपर ऑक्सीक्लोराइड का छिड़काव करें. इस बीमारी में गन्ने की ऊपरी पत्तियों पर ऐंठन और चूड़ीनुमा यानी घुमावदार बनावट दिखाई देने लगती है. रोग का प्रकोप बढ़ने पर प्रभावित पत्तियों और तने से सिरके जैसी गंध आने लगती है. बिना किसी रासायनिक कीटनाशक के बीमारी को रोकने के लिए नियमित रूप से खेत का निरीक्षण करें. अगर किसी पौधे में बीमारी के शुरुआती लक्षण दिखें, तो प्रभावित हिस्से को पौधे से थोड़ा नीचे से काट दें. कटी हुई पत्तियों को सीधे खेत में न फेंकें, क्योंकि इससे फफूंद के स्पोर्स हवा और पानी से स्वस्थ पौधों तक फैल सकते हैं.